BJP सांसद गिरिराज सिंह के विवादित बयान से गर्माई सियासत
बेगूसराय
केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने अपने लोकसभा क्षेत्र बेगूसराय के लोगों को सुझाया कि अगर कोई अधिकारी उनकी बात नहीं सुनता है तो उसे 'बेंत से मारिए.' अपने बेबाक बयानों के लिए चर्चा में रहने वाले भाजपा नेता यहां खोदवांपुर में स्थित कृषि संस्थान में एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे. मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी विभाग के मंत्री ने कहा कि उन्हें अक्सर शिकायत मिलती है कि अधिकारी जनता की शिकायतों पर कान नहीं धरते हैं.
सिंह ने कहा, 'मैं उनसे कहना चाहता हूं कि इतनी छोटी बात के लिए मेरे पास क्यों आते हैं. सांसद, विधायक, गांव के मुखिया, डीएम, एसडीएम, बीडीओ…. इन सभी का कर्तव्य जनता की सेवा करना है. अगर वे आपकी बात नहीं सुनते हैं तो दोनों हाथ से बेंत उठाइए और उनके सिर पर दे मारिए.'
इधर, गिरिराज सिंह के बयान को लेकर आरजेडी ने नीतीश सरकार पर हमला बोला है. आरजेडी ने कहा कि यह सरकार चल रही है या महाजंगलराज चल रहा है? आरजेडी ने अपने ट्वीट कहा है, 'एक तरफ नीतीश कुमार जी युवाओं से कहते हैं कि सरकार या अधिकारी का विरोध करोगे, धरने पर बैठोगे या सोशल मीडिया पर लिखोगे तो जेल भेज देंगे. नौकरी नहीं लेने देंगे! दूसरी तरफ सनकी गिरिराज सिंह कहते हैं अधिकारियों को बांस उठाकर मारो! यह सरकार चल रही है या #महाजंगलराज चल रहा है?'
दरअसल, बेगूसराय में एक सभा के दौरान एक व्यक्ति ने केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह से सीओ की शिकायत की थी. इस पर गिरिराज सिंह गुस्से में आ गए. इस दौरान उन्होंने ने मंच से ही जनता को संबोधित करते हुए कहा कि अधिकारी बात नहीं सुनते हैं तो उठाइए और पिटाई कर दीजिए. ऐसे में गिरिराज सिंह के इस बयान के बाद बिहार की सियासत में भूचाल आ गया है.

पाठको की राय